जरूरत से ज्यादा पानी पीना भी सेहत के लिए नुकसानदेह, कमजोरी और चक्कर को न करें नजरअंदाज

शरीर की जरूरत के अनुसार तय करें पानी की मात्रा, वजन के हिसाब से 30 से 35 मिलीलीटर पानी का बताया गया मानक; हर व्यक्ति के लिए 3-4 लीटर पानी पीना जरूरी नहीं
 

वाराणसी। स्वस्थ रहने के लिए पर्याप्त पानी पीना जरूरी है, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी पीना भी शरीर के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। इन दिनों सोशल मीडिया पर अधिक पानी पीने को सेहत के लिए फायदेमंद बताने वाली सलाह के कारण कई लोग प्रतिदिन पांच से छह लीटर तक पानी पी रहे हैं। जबकि शरीर की पानी की आवश्यकता हर व्यक्ति के लिए अलग-अलग होती है। जरूरत से अधिक पानी पीने पर कमजोरी, चक्कर आने और बार-बार पेशाब लगने जैसी परेशानियां हो सकती हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, पानी पीने का कोई एक निश्चित पैमाना सभी लोगों पर लागू नहीं होता। शरीर का वजन, उम्र, मौसम, शारीरिक गतिविधियां और स्वास्थ्य संबंधी स्थितियां पानी की दैनिक जरूरत को प्रभावित करती हैं। ऐसे में केवल दूसरों की दिनचर्या देखकर या सोशल मीडिया पर दी गई सलाह के आधार पर पानी की मात्रा तय करना उचित नहीं है।

वैद्य डॉ. अजय गुप्ता के अनुसार, शरीर के लिए पानी बेहद जरूरी है, लेकिन किसी भी चीज की अधिकता नुकसान पहुंचा सकती है। सामान्य तौर पर वजन के हिसाब से पानी की मात्रा निर्धारित करने के लिए प्रति किलोग्राम वजन पर 30 से 35 मिलीलीटर पानी का मानक बताया जाता है। हालांकि, यह एक सामान्य अनुमान है और व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार इसमें बदलाव हो सकता है।

वजन के हिसाब से पानी की अनुमानित मात्रा
 

 50 किलोग्राम वजन पर 1.5 से 1.75 लीटर।
 60 किलोग्राम वजन पर 1.8 से 2.1 लीटर।
70 किलोग्राम वजन पर 2.1 से 2.45 लीटर।
 80 किलोग्राम वजन पर 2.4 से 2.8 लीटर।
 90 किलोग्राम वजन पर 2.7 से 3.15 लीटर।

 

गर्मी के मौसम, अधिक पसीना आने, व्यायाम और शारीरिक मेहनत करने वालों को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक पानी की आवश्यकता हो सकती है। वहीं किडनी, हृदय और अन्य बीमारियों से जूझ रहे लोगों को पानी की मात्रा डॉक्टर की सलाह के अनुसार निर्धारित करनी चाहिए।

एक साथ अधिक पानी पीने से बचें

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि पूरे दिन पानी का सेवन अंतराल पर करना चाहिए। एक ही बार में बहुत अधिक पानी पीने से बचना चाहिए। अत्यधिक पानी शरीर में सोडियम का स्तर कम कर सकता है, जिसे हाइपोनेट्रेमिया कहा जाता है। गंभीर स्थिति में इससे सिरदर्द, उलझन, उल्टी और अन्य न्यूरोलॉजिकल समस्याएं भी हो सकती हैं।

इसलिए स्वस्थ रहने के लिए केवल अधिक पानी पीना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि शरीर की जरूरत को समझते हुए संतुलित मात्रा में पानी का सेवन करना जरूरी है।