एस. जानकी के निधन पर भावुक हुईं तृषा कृष्णन, बोलीं- आपकी आवाज हमेशा अमर रहेगी
भारतीय संगीत जगत की महान पार्श्व गायिका एस. जानकी के निधन से फिल्म और संगीत जगत में शोक की लहर है। दक्षिण भारतीय सिनेमा की कई प्रमुख हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। अभिनेत्री तृषा कृष्णन ने भी सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए दिवंगत गायिका को याद किया।
तृषा कृष्णन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एस. जानकी के साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए लिखा कि उनकी सबसे खास फिल्मों में से एक में एस. जानकी का जुड़ना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा। उन्होंने कहा कि महान गायिका का स्नेह और आशीर्वाद मिलना उनकी सबसे अनमोल यादों में शामिल है।
तृषा ने अपने संदेश में लिखा, "मेरी सबसे खास फिल्मों में से एक में आपका नाम जुड़ना हमेशा मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहेगा। लेकिन आपको जानना और आपका प्यार पाना ऐसी याद है, जिसे मैं हमेशा अपने दिल में संजोकर रखूंगी।"
उन्होंने आगे कहा, "आपकी प्यार भरी झप्पियां, आपकी दयालुता, आपकी हंसी और यह सीख कि सबसे बड़े कलाकार वही होते हैं, जो सबसे विनम्र होते हैं, मैं कभी नहीं भूलूंगी। आपकी आवाज हमेशा अमर रहेगी। आपकी बहुत याद आएगी।"
88 वर्ष की उम्र में हुआ निधन
चार बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित महान पार्श्व गायिका एस. जानकी का शनिवार को 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें मैसूर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से भारतीय संगीत जगत ने अपनी एक अमूल्य धरोहर खो दी है।
48 हजार से अधिक गीतों को दी आवाज
एस. जानकी ने अपने लंबे संगीत करियर में हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ सहित कई भारतीय भाषाओं में 48 हजार से अधिक गीत गाए। अपनी मधुर और भावपूर्ण गायकी के कारण उन्हें 'दक्षिण भारत की बुलबुल' के नाम से भी जाना जाता था। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए मैसूर के महाराजा कॉलेज ग्राउंड में रखा गया है, जहां बड़ी संख्या में प्रशंसक, कलाकार और संगीत प्रेमी उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।