भोजपुरी फिल्म ‘डेजर बहुरिया’ का पोस्टर जारी, लाठी लेकर दबंग अंदाज में दिखीं संजना पांडेय
भोजपुरी सिनेमा में एक अलग तरह की पारिवारिक मनोरंजक फिल्म ‘डेजर बहुरिया’ जल्द दर्शकों के सामने आने वाली है। एडवाइज मूवीज के बैनर तले बन रही इस फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी कर दिया गया है। पोस्टर सामने आते ही फिल्म के किरदारों और कहानी को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
फिल्म के पोस्टर में अभिनेत्री संजना पांडेय का दबंग और आक्रामक अंदाज देखने को मिल रहा है। नीली साड़ी और नारंगी ब्लाउज में नजर आ रहीं संजना के एक हाथ में लाठी और दूसरे हाथ में चिकन का टुकड़ा है। चेहरे पर गुस्से के भाव और उनके हाव-भाव फिल्म के किरदार की खासियत को दर्शाते हैं। वहीं, पोस्टर की पृष्ठभूमि में परिवार के अन्य सदस्यों के चेहरों पर हैरानी और डर के भाव दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर से फिल्म में पारिवारिक ड्रामा, हास्य और मनोरंजन का दिलचस्प मेल होने के संकेत मिलते हैं।
फिल्म में आकाश गहरवार, संजना पांडेय, निशा तिवारी, विद्या सिंह, अनूप अरोड़ा और काजल निषाद प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण एडवाइज मूवीज ने किया है, जबकि अर्थव नाहर सह-निर्माता हैं। फिल्म का निर्देशन इश्तियाक शेख बंटी ने किया है। इसकी कहानी और पटकथा प्राण नाथ कश्यप, अर्थव सिंह, पुष्पेंद्र सिंह और आलोकाश सिंह ने लिखी है। वहीं, शिवम सिंह कार्यकारी निर्माता हैं।
अभिनेत्री संजना पांडेय ने फिल्म को अपने लिए खास बताते हुए कहा कि इसमें उनका किरदार काफी अलग, दमदार और मनोरंजक है। फिल्म की कहानी में पारिवारिक रिश्तों के साथ कॉमेडी और मनोरंजन का बेहतर मेल देखने को मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को उनका नया अंदाज पसंद आएगा और फिल्म को भरपूर प्यार मिलेगा।
भोजपुरी फिल्मों में महिला किरदारों को केंद्र में रखकर नए प्रयोग किए जा रहे हैं। ऐसे में ‘डेजर बहुरिया’ का अनोखा फर्स्ट लुक दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर दिलचस्पी पैदा कर रहा है। अब दर्शकों को फिल्म के ट्रेलर और रिलीज से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।