Atif Aslam ने भारत में BAN होना बताया फायदेमंद, बोले- भारतीय मुझे VPN पर सुनते है...

पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम ने करीब 10 साल बाद भारतीय फैंस और बॉलीवुड से दूरी पर खुलकर बात की। जानिए उन्होंने भारत में लगे बैन और अपने लोकप्रिय गानों को लेकर क्या कहा।
 
10 साल बाद भारतीय फैंस को याद कर बोले आतिफ असलम, 'जिन्होंने बैन किया उनका शुक्रिया ,मुझे वहां काम करने की याद नहीं आती'

 

नई दिल्ली। पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम लंबे समय से भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री से दूर हैं, लेकिन भारत में उनके गानों की लोकप्रियता आज भी कायम है। करीब एक दशक से बॉलीवुड में उनका कोई नया गाना रिलीज नहीं हुआ है।

अब एक इंटरव्यू में आतिफ असलम ने भारत से अपनी दूरी और भारतीय फैंस के साथ अपने जुड़ाव को लेकर खुलकर बात की है।

 

 

भारतीय फैंस को आज भी याद करते हैं आतिफ असलम

क्रिस फेड के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान आतिफ असलम ने बताया कि भारत में उनके गानों पर आधिकारिक तौर पर रोक होने के बावजूद उनके प्रशंसक आज भी उनका संगीत सुनते हैं।

 

उन्होंने दावा किया कि कई भारतीय फैंस VPN के जरिए उनके गाने सुनते हैं और उनका संगीत अलग-अलग तरीकों से एक-दूसरे तक पहुंचता है।

आतिफ ने कहा कि पिछले करीब 10 वर्षों से भारत में उनका कोई नया गाना रिलीज नहीं हुआ है। हालांकि, उन्हें भरोसा है कि उनके चाहने वाले उनके संगीत तक किसी न किसी तरह पहुंच ही जाते हैं।

'मुझे भारत की याद आती है'

भारत में काम न कर पाने को लेकर आतिफ असलम ने कहा कि उन्हें काम की कमी महसूस नहीं होती, लेकिन भारत की याद जरूर आती है।

उन्होंने पाकिस्तानी कलाकारों पर लगे प्रतिबंध का जिक्र करते हुए कहा कि भारत सरकार ने पाकिस्तानी कलाकारों पर रोक लगाई और इसके बाद पाकिस्तान में भी भारतीय कलाकारों को लेकर प्रतिबंध लगाए गए।

आतिफ ने इस दौरान कहा कि जिन लोगों ने उन पर बैन लगाया, वह उनका शुक्रिया अदा करना चाहते हैं। उनके बयान के बाद एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के बीच सांस्कृतिक संबंधों और कलाकारों पर लगे प्रतिबंध की चर्चा तेज हो गई है।

उरी हमले के बाद बढ़ा था तनाव

सितंबर 2016 में जम्मू-कश्मीर के उरी में भारतीय सेना के ब्रिगेड मुख्यालय पर आतंकी हमला हुआ था। इस घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया था।

इसी दौर में इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) ने पाकिस्तानी कलाकारों और तकनीशियनों के साथ काम नहीं करने संबंधी प्रस्ताव पारित किया था।

इस फैसले का असर आतिफ असलम समेत कई पाकिस्तानी कलाकारों पर पड़ा। इसी दौरान भारत में होने वाला आतिफ का एक कॉन्सर्ट भी रद्द कर दिया गया था।

पुलवामा हमले के बाद और सख्त हुआ प्रतिबंध

फरवरी 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया। हमले में 40 सीआरपीएफ जवान शहीद हुए थे। इसके बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में पाकिस्तानी कलाकारों पर पूर्ण प्रतिबंध की घोषणा की।

इसके बाद मार्च 2019 से आतिफ असलम की आवाज वाला कोई नया बॉलीवुड गाना रिलीज नहीं हुआ। फिल्म 'हम चार' का 'औलिया' भारत में रिलीज हुआ उनका आखिरी बॉलीवुड गाना बताया जाता है।

बॉलीवुड में रहा शानदार सफर

आतिफ असलम ने भारतीय सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत 2005 में फिल्म 'कलयुग' के लोकप्रिय गाने 'आदत' से की थी।

इसके बाद 'वो लम्हे', 'तेरे बिन', 'पहली नजर में', 'तेरा होने लगा हूं', 'तू जाने ना', 'जीने लगा हूं', 'जीना जीना' और 'तेरे संग यारा' जैसे गानों ने उन्हें भारतीय संगीत प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया।

2016 के बाद भी कुछ समय तक उनकी आवाज वाले गाने बॉलीवुड फिल्मों में सुनाई देते रहे।

'दिल दियां गल्लां', 'दरअसल', 'मैं अगर', 'जाने दे', 'ओ साथी', 'पानियों सा', 'तेरा हुआ' और 'दिल मेरी ना सुने' जैसे गाने भारतीय दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुए।

2025 के बाद भी बढ़ा भारत-पाकिस्तान तनाव

अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ा। इसके बाद भारत में पाकिस्तानी फिल्मों, वेब सीरीज और अन्य डिजिटल कंटेंट को लेकर भी सख्ती देखने को मिली।

ऐसे माहौल में आतिफ असलम का भारतीय फैंस को याद करना और उनके संगीत के भारत तक पहुंचने की बात करना चर्चा का विषय बन गया है।

हालांकि, फिलहाल बॉलीवुड में उनकी वापसी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।

Atif Aslam के लोकप्रिय बॉलीवुड गाने

  • आदत
  • वो लम्हे
  • तेरे बिन
  • पहली नजर में
  • तेरा होने लगा हूं
  • तू जाने ना
  • जीने लगा हूं
  • जीना जीना
  • तेरे संग यारा
  • दिल दियां गल्लां