साउथ फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका, अभिनेता दिलीप राज का निधन
मनोरंजन जगत से दुखद खबर सामने आई है। कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता, निर्देशक और निर्माता दिलीप राज का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह 47 वर्ष के थे। उनके अचानक निधन से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ दिन पहले दिलीप राज गोवा ट्रिप पर गए थे। वहीं उन्हें कई बार सीने में दर्द महसूस हुआ था। बताया जा रहा है कि अभिनेता को अपनी तबीयत को लेकर शक भी हुआ था और उन्होंने बेंगलुरु लौटकर जांच कराने का फैसला किया था।
जानकारी के अनुसार, आज ही उनकी डॉक्टर से अपॉइंटमेंट भी तय थी, लेकिन उससे पहले ही देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द होने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन बड़ा हार्ट अटैक आने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी।
बताया जा रहा है कि मौत से कुछ घंटे पहले तक दिलीप राज अपने करीबी दोस्तों और टीवी कलाकारों से फोन पर सामान्य बातचीत कर रहे थे। उनके निधन की खबर से कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री और फैंस को गहरा सदमा लगा है।