NTA पर फिर सवाल, CUET-UG परीक्षा में अव्यवस्था, शिफ्ट का समय बदला
सूत्रों के अनुसार, देश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुबह की शिफ्ट की परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी, जिससे अभ्यर्थियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। इस गड़बड़ी का असर दोपहर की शिफ्ट की परीक्षा पर भी पड़ा।
परीक्षा का समय बदला
स्थिति को देखते हुए NTA ने तत्काल एडवाइजरी जारी की और दोपहर की शिफ्ट की परीक्षा के समय में बदलाव किया। पहले जो परीक्षा 3:00 बजे आयोजित होनी थी, उसे अब 4:00 बजे शुरू किया जाएगा।
- रिपोर्टिंग एवं एंट्री टाइम: दोपहर 2:30 बजे से
- परीक्षा प्रारंभ समय: 3:00 बजे से बदलकर 4:00 बजे
तकनीकी खराबी से प्रभावित हुई परीक्षा व्यवस्था
एजेंसी के अनुसार, कुछ केंद्रों पर तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी, जिससे पूरे शेड्यूल पर असर पड़ा। इसी कारण दोपहर की शिफ्ट को पुनर्निर्धारित करना पड़ा।
छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी
परीक्षा केंद्रों पर छात्रों और अभिभावकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। कई स्थानों पर बुनियादी सुविधाओं की कमी की भी शिकायतें सामने आईं, जिससे अभ्यर्थियों में असंतोष देखा गया।
NTA ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए NTA ने हेल्पलाइन और ईमेल आईडी जारी करते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में संपर्क करने की अपील की है। एजेंसी ने इस असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है और कहा है कि किसी भी उम्मीदवार का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।