देशभर में जीवन बीमा की बढ़ेगी पहुंच, SBI Life ने J&K Bank से किया समझौता
नई दिल्ली। एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और जम्मू-कश्मीर बैंक ने देशभर के परिवारों तक व्यापक जीवन बीमा समाधान पहुंचाने के उद्देश्य से एक रणनीतिक कॉर्पोरेट एजेंसी समझौता (Corporate Agency Agreement) किया है। इस साझेदारी के तहत जम्मू-कश्मीर बैंक की 1,000 से अधिक शाखाओं के माध्यम से एसबीआई लाइफ की सुरक्षा, बचत, सेवानिवृत्ति (रिटायरमेंट) और बाल बीमा (चाइल्ड प्लान) सहित सभी प्रमुख जीवन बीमा योजनाएं ग्राहकों को उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस पहल का उद्देश्य वित्तीय सुरक्षा को मजबूत करना, बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में जीवन बीमा की पहुंच का विस्तार करना है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कॉर्पोरेट एजेंसी समझौते पर जम्मू-कश्मीर बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक (संस्थागत गठबंधन, चंडीगढ़ क्षेत्र) बुधादित्य बनर्जी तथा डीजीएम (क्रॉस सेलिंग) मसूद अहमद लंका ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के बिजनेस स्ट्रैटेजी के अध्यक्ष संतोष चाको और जम्मू-कश्मीर बैंक की जीएम (डीएसी एवं क्रॉस सेलिंग) अनीता नेहरू भी उपस्थित रहीं।
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एमडी एवं सीईओ) अमित झिंगरान ने कहा कि यह साझेदारी पूरे देश में परिवारों के बीच बीमा जागरूकता बढ़ाने और वित्तीय सुरक्षा की संस्कृति को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जीवन बीमा वित्तीय निरंतरता बनाए रखने और परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा यह सहयोग लोगों को दैनिक वित्तीय योजना में जीवन बीमा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित करेगा।
वहीं, जम्मू-कश्मीर बैंक के एमडी एवं सीईओ अमितवा चटर्जी ने कहा कि एसबीआई लाइफ को बैंक के बीमा साझेदारों के पोर्टफोलियो में शामिल किए जाने से ग्राहकों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप प्रतिस्पर्धी और विविध जीवन बीमा उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि दो विश्वसनीय संस्थानों का यह सहयोग बैंक की ग्राहक-केंद्रित सेवाओं को और मजबूत करेगा तथा देशभर में फैले बैंक के नेटवर्क के माध्यम से ग्राहकों को बेहतर वित्तीय समाधान उपलब्ध कराएगा।
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के बिजनेस स्ट्रैटेजी के अध्यक्ष संतोष चाको ने कहा कि बीमा केवल एक वित्तीय उत्पाद नहीं, बल्कि परिवारों की आर्थिक गरिमा और भविष्य की सुरक्षा का आधार है। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य जीवन बीमा को जिम्मेदार वित्तीय नियोजन के एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में स्थापित करना है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह पहल भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) के '2047 तक सभी के लिए बीमा' (Insurance for All by 2047) अभियान के अनुरूप है। इसका उद्देश्य वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना और उन क्षेत्रों तक बीमा सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, जहां अब तक इनकी उपलब्धता अपेक्षाकृत कम रही है।