दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले दो दिन बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए बारिश, गरज-चमक तथा तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इन दो दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
बुधवार को दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है।
अन्य क्षेत्रों में भी बढ़ा तापमान
दिल्ली के अन्य मौसम केंद्रों पर भी तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। पालम में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 38.8 डिग्री, रिज में 39.3 डिग्री तथा आयानगर में 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इन सभी केंद्रों पर तापमान पिछले दिन की तुलना में 2 से 4 डिग्री तक अधिक रहा।
दो दिन बादलों और बारिश के आसार
आईएमडी के अधिकारियों के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी है।
शनिवार को भी राहत की उम्मीद
मौसम विभाग ने शनिवार को भी इसी तरह के मौसम की संभावना जताई है, हालांकि उस दिन कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत के अनुसार मध्य पाकिस्तान, हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
आज इतना रह सकता है तापमान
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
मध्यम श्रेणी में दर्ज हुई दिल्ली की हवा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार बुधवार शाम चार बजे तक दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 143 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार 101 से 200 के बीच का एक्यूआई मध्यम श्रेणी में माना जाता है।
तेज हवाओं और बारिश के पूर्वानुमान के बीच राजधानीवासियों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।