एक दशक में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए, महिला उद्यमिता और सरकारी योजनाओं ने बदली तस्वीर: निर्मला सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने लेख में दावा किया कि 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए। जनधन, मुद्रा योजना और लखपति दीदी का भी किया उल्लेख।
 

नई दिल्ली। भारत में गरीबी उन्मूलन को लेकर बीते एक दशक में बड़े बदलाव का दावा करते हुए केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि वर्ष 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी के दायरे से बाहर निकले हैं।

उन्होंने इसे देश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार, सामाजिक सुरक्षा और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी ने इस बदलाव में अहम भूमिका निभाई है।

अपने लेख में वित्त मंत्री ने विश्व बैंक की गरीबी और समानता से जुड़ी रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि भारत में अत्यधिक गरीबी में उल्लेखनीय कमी आई है।

उन्होंने नागालैंड के किफिरे जिले की लखपति दीदी एस्थर का उदाहरण देते हुए बताया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ी आदिवासी महिलाएं अब मोटे अनाज से बने उत्पाद ऑनलाइन बेचकर अपने कारोबार को दूसरे राज्यों तक पहुंचा रही हैं। उनके मुताबिक, यह बदलाव ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में बढ़ते आर्थिक अवसरों को दिखाता है।

बुनियादी सुविधाओं से परिवारों को मिला सहारा

निर्मला सीतारमण के अनुसार, गरीबी केवल कम आमदनी तक सीमित नहीं है। पक्का मकान, स्वच्छ पानी, शौचालय, स्वच्छ ईंधन और इलाज जैसी सुविधाओं की कमी भी परिवारों को आर्थिक संकट में बनाए रखती है।

इसी को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ भारत अभियान, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के जरिए बुनियादी जरूरतों को पूरा करने पर जोर दिया गया।

लेख में बताया गया है कि जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण घरों में नल से जल कनेक्शन की संख्या वर्ष 2019 के करीब तीन करोड़ से बढ़कर लगभग 16 करोड़ हो गई है। वित्त मंत्री का कहना है कि इससे महिलाओं और बेटियों को पानी लाने में लगने वाले समय से राहत मिली है। वहीं, शौचालय और स्वच्छ ईंधन की उपलब्धता से स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार का रास्ता खुला है।

जनधन खातों और मुद्रा योजना से बढ़े आर्थिक अवसर

वित्त मंत्री ने वित्तीय समावेशन को गरीबी कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उनके मुताबिक, देश में 59 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले जा चुके हैं। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम हुई है।

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अब तक करीब 60 करोड़ ऋण खाते स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें लगभग दो-तिहाई खाते महिलाओं के हैं।

लेख में पश्चिम बंगाल की सुष्मिता घराई का उदाहरण भी दिया गया है, जिन्होंने मुद्रा ऋण की मदद से अपने परिवार का प्रिंटिंग व्यवसाय दोबारा शुरू किया और अब आठ लोगों को रोजगार दे रही हैं।

महिलाएं बन रहीं आर्थिक बदलाव की भागीदार

निर्मला सीतारमण ने स्वयं सहायता समूहों को ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उनके अनुसार, करीब 10 करोड़ ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और 3.7 करोड़ से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने नमो ड्रोन दीदी योजना का भी उल्लेख किया। इसके तहत प्रशिक्षित महिलाएं कृषि क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से छिड़काव जैसी आधुनिक सेवाएं दे रही हैं।

वित्त मंत्री का कहना है कि महिलाएं अब केवल परिवार की आय में सहयोग करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कारोबार और रोजगार सृजन में भी भागीदारी निभा रही हैं।

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

लेख के अंत में वित्त मंत्री ने कहा कि गरीबी कम करने के प्रयासों को आगे भी जारी रखना होगा। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए रोजगार, कौशल विकास, वित्तीय सुविधाओं, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक आम लोगों की पहुंच बढ़ाना जरूरी है।

उन्होंने रोजगार से जुड़े प्रोत्साहनों, इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप और बुनियादी ढांचे में निवेश को भविष्य की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण आधार बताया।

उनके मुताबिक, अगला लक्ष्य उन परिवारों तक विकास का लाभ पहुंचाना है, जो अब भी गरीबी से बाहर निकलने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।