दिल्लीवासियों के लिए जरूरी खबर, दो दिन पानी की आपूर्ति रहेगी बाधित

दिल्ली के कई इलाकों में दो दिन प्रभावित रहेगी पानी की सप्लाई, जल बोर्ड ने जारी की एडवाइजरी

 

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में 25 और 26 नवंबर को पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहने वाली है। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने भूमिगत जलाशयों (UGR) और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों की वार्षिक सफाई एवं फ्लशिंग के मद्देनजर यह एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान पूर्वी दिल्ली के कई रिहायशी क्षेत्रों में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है।

जल बोर्ड के अनुसार, भूमिगत जलाशयों और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों की नियमित वार्षिक सफाई के कारण जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होगी। इस प्रक्रिया का उद्देश्य जलाशयों की स्वच्छता बनाए रखना और लोगों को बेहतर गुणवत्ता वाला पेयजल उपलब्ध कराना है।

25 नवंबर को इन क्षेत्रों में प्रभावित रहेगी आपूर्ति

जल बोर्ड की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, 25 नवंबर को डीडीए फ्लैट्स, मयूर विहार फेज-1 के पॉकेट-4 में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। संबंधित क्षेत्र के लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार पहले से पानी का इंतजाम करने की सलाह दी गई है।

26 नवंबर को पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में असर

26 नवंबर को जलापूर्ति प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में गीता कॉलोनी, कृष्णा नगर, लक्ष्मी नगर, रमेश पार्क, ललिता पार्क, जे-एक्सटेंशन, किशन कुंज पार्ट-1 और पार्ट-2, जागृति पार्क, गड़वाली मोहल्ला, ताज एन्क्लेव, रानी गार्डन, सुंदर पार्क, शास्त्री नगर, राम नगर और राम नगर एक्सटेंशन शामिल हैं।

इसके अलावा न्यू अयालपुर, साउथ अनारकली, साउथ अनारकली एक्सटेंशन, बलदेव पार्क, गोविंद पार्क, जगतपुरी, अर्जुन नगर, राधे श्याम पार्क, गोविंदपुरा, खुरेजी, बृजपुरी, शिवपुरी, घोंडली और चंद्रा नगर में भी पानी की आपूर्ति प्रभावित रहने की आशंका है। जल बोर्ड की एडवाइजरी में ब्लॉक संख्या 5 से 18 तक के कुछ क्षेत्रों का भी उल्लेख किया गया है।

पानी के टैंकर के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर

दिल्ली जल बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि वे संभावित परेशानी को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पानी पहले से जमा कर लें और उसका इस्तेमाल जरूरत के अनुसार करें। आपातकालीन स्थिति में प्रभावित क्षेत्रों में पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।

टैंकर या पानी से संबंधित आपातकालीन सहायता के लिए मंडावली वाटर इमरजेंसी के नंबर 011-22727812, जागृति वाटर इमरजेंसी के नंबर 011-22374834 और 011-22374237 जारी किए गए हैं। इसके अलावा दिल्ली जल बोर्ड के केंद्रीय नियंत्रण कक्ष की हेल्पलाइन 1916 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

जल बोर्ड की इस एडवाइजरी के बाद प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित दिनों को ध्यान में रखते हुए पानी का प्रबंधन पहले से कर लें, ताकि दैनिक जरूरतों को पूरा करने में परेशानी न हो।