दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का कहर जारी, 28 मई के बाद बारिश से राहत के आसार

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का कहर जारी, 28 मई के बाद बारिश से मिलेगी राहत
 
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का कहर जारी, 28 मई के बाद बारिश से मिलेगी राहत
 

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भीषण गर्मी का सितम लगातार जारी है। नौतपा की शुरुआत के साथ ही लोगों को झुलसा देने वाली गर्म हवाओं और तेज धूप का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहने की चेतावनी देते हुए 28 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। दिनभर आसमान साफ रहने से तेज धूप लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवाएं लोगों को बेहाल करेंगी।

हालांकि, भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर भी सामने आई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 28 मई की शाम से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद है।

मंगलवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। गर्मी के साथ-साथ प्रदूषण भी चिंता बढ़ा रहा है। सुबह साढ़े नौ बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 304 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता मध्यम से खराब स्तर पर बनी हुई है।

सोमवार को नौतपा के पहले दिन लू के थपेड़ों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोपहर के समय सड़कें और बाजार सामान्य दिनों की तुलना में काफी सूने नजर आए। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग चेहरे को कपड़े से ढककर और पानी की बोतल साथ लेकर चलते दिखाई दिए।

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढककर रखने की अपील की गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि इस मौसम में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा तेजी से बढ़ जाता है।