FSSAI का बड़ा फैसला: दूध और डेयरी उत्पादों के पैकेट पर अनिवार्य होगा विशेष लोगो

दूध से लेकर पनीर तक की पैकेजिंग में होगा बदलाव, FSSAI ने तय किया खास लोगो, 1 जुलाई 2028 से लागू होंगे नए नियम
 

नई दिल्ली। दूध और उससे बने उत्पादों की पैकेजिंग को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने नया नियम जारी किया है। इसके तहत अब दूध और सभी संबंधित डेयरी उत्पादों के पैकेट पर एक निर्धारित विशेष लोगो लगाना अनिवार्य होगा। यह नियम 1 जुलाई 2028 से पूरे देश में लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य डेयरी उत्पादों की पैकेजिंग और लेबलिंग के लिए एक समान व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
FSSAI की ओर से जारी नए प्रावधान के मुताबिक, केवल दूध ही नहीं, बल्कि दही, पनीर, मक्खन, घी, चीज और अन्य दुग्ध उत्पादों के पैकेट पर भी निर्धारित लोगो लगाना होगा। इसमें कंपोजिट मिल्क प्रोडक्ट्स भी शामिल हैं, यानी ऐसे खाद्य उत्पाद जिनमें दूध एक महत्वपूर्ण घटक के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।

नए नियम के तहत लोगो का डिजाइन भी निर्धारित कर दिया गया है। इसमें नीले रंग का चौकोर बॉक्स होगा, जिसके बीच में सफेद रंग की दूध की बूंद बनी होगी। सभी संबंधित कंपनियों को अपनी पैकेजिंग पर इसी निर्धारित डिजाइन का इस्तेमाल करना होगा।
 

पैकेट के आकार के हिसाब से तय होगा लोगो
 

FSSAI ने पैकेट के मुख्य डिस्प्ले पैनल के क्षेत्रफल के आधार पर लोगो का न्यूनतम आकार भी निर्धारित किया है।
 

100 वर्ग सेंटीमीटर तक के पैकेट पर 6 मिलीमीटर।
 

100 से 500 वर्ग सेंटीमीटर तक 8 मिलीमीटर।
 

500 से 2500 वर्ग सेंटीमीटर तक 12 मिलीमीटर।
 

2500 वर्ग सेंटीमीटर से अधिक क्षेत्रफल पर 16 मिलीमीटर।
 

कंपनियां निर्धारित न्यूनतम आकार से बड़ा लोगो लगा सकती हैं, लेकिन इससे छोटा लोगो लगाने की अनुमति नहीं होगी।

नवंबर में जारी हुआ नोटिफिकेशन
 

इस संबंध में FSSAI ने 6 नवंबर 2026 को अधिसूचना जारी की थी, जिसे 9 नवंबर को भारत के राजपत्र में प्रकाशित किया गया। नए प्रावधान को लागू करने के लिए डेयरी कंपनियों को अपनी पैकेजिंग और लेबलिंग व्यवस्था में आवश्यक बदलाव करने होंगे।
गौरतलब है कि इस नियम का मसौदा फरवरी 2025 में जारी किया गया था। उस दौरान आम लोगों और संबंधित पक्षों से 60 दिनों के भीतर सुझाव और आपत्तियां मांगी गई थीं। प्राप्त सुझावों पर विचार करने के बाद अब अंतिम संशोधन जारी किया गया है। नए नियम के लागू होने के बाद बाजार में बिकने वाले दूध और संबंधित डेयरी उत्पादों की पैकेजिंग पर एक समान पहचान चिह्न दिखाई देगा।