3 एस व्यापार काशी चैप्टर की बैठक संपन्न, व्यवसायिक नेटवर्किंग और ज्ञानवर्धक सत्रों पर रहा जोर

वाराणसी में 3 एस व्यापार काशी चैप्टर की व्यवसायिक बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम में व्यापारिक नेटवर्किंग, ज्ञानवर्धक सत्र, नए बिजनेस अवसरों और उद्यमियों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
 

 


वाराणसी। 3 एस व्यापार काशी चैप्टर की व्यावसायिक बैठक रविवार को होटल अमाया, कैंटोनमेंट में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स ने भाग लेकर व्यवसायिक नेटवर्किंग और नए अवसरों पर चर्चा की।

कार्यक्रम की शुरुआत प्री-नेटवर्किंग सत्र से हुई। इसके बाद संस्था के संस्थापक विपिन मिश्र ने 3 एस व्यापार के उद्देश्य और कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए व्यापारियों को एक मजबूत एवं विश्वसनीय मंच उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

 

बैठक के मुख्य अतिथि भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं बनारस लोकोमोटिव वर्क्स के मुख्य यांत्रिक अभियंता (प्रोडक्शन एवं मार्केटिंग) रामजनम चौबे रहे। उनका स्वागत एवं सम्मान संस्थापक कामाक्षी पांडेय ने किया। अपने संबोधन में रामजनम चौबे ने नेतृत्व, अनुशासन, कार्य संस्कृति, टीम प्रबंधन और व्यवसायिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए।

बैठक में सदस्यों और आगंतुकों ने 30 सेकंड के व्यवसाय परिचय सत्र में अपने-अपने व्यवसाय की जानकारी दी। वहीं ट्रेनिंग भारत सत्र में देश दीपक सिंह ने "टैक्स प्लानिंग एंड लोन रेडीनेस फॉर बिजनेस ओनर्स" विषय पर प्रशिक्षण देते हुए टैक्स प्रबंधन और वित्तीय अनुशासन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

इसके अलावा विकास त्रिपाठी ने बीमा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न समाधान और वित्तीय सुरक्षा में बीमा की भूमिका पर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में नए सदस्यों का स्वागत एवं सम्मान किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ।

आयोजकों ने बताया कि 3 एस व्यापार का उद्देश्य व्यापारियों के लिए ऐसा सशक्त मंच तैयार करना है, जहां नेटवर्किंग, ज्ञान और सहयोग के माध्यम से व्यवसाय को नई दिशा मिल सके। काशी चैप्टर की अगली बैठक 12 जुलाई 2026 को होटल अमाया, वाराणसी में आयोजित होगी।