यूट्यूब देखकर रची हत्या की साजिश, प्रेमी की बेरहमी से ली जान

मोबाइल की सर्च हिस्ट्री बनी गवाह, खुल गया प्रेमी हत्याकांड का राज
 
अवैध संबंध का खौफनाक अंत, पति-पत्नी ने प्रेमी की हत्या कर शव के किए टुकड़े

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में प्रेम संबंध, विश्वासघात और क्रूरता से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। पुलिस ने 8 मई से लापता युवक विजय निषाद हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अवैध संबंधों के चलते पति-पत्नी ने मिलकर युवक की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर जंगल में जलाकर नष्ट कर दिया।

मामला फतेहपुर जिले के बकेवर थाना क्षेत्र का है। 20 वर्षीय विजय निषाद 8 मई से लापता था। परिजनों की शिकायत पर 11 मई को गुमशुदगी दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान विजय की कॉल डिटेल खंगाली गई, जिसमें हमीरपुर निवासी किरन नामक महिला से लगातार बातचीत होने की जानकारी मिली। इसी आधार पर पुलिस की जांच आगे बढ़ी।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि विजय और किरन के बीच प्रेम संबंध थे। इस संबंध को लेकर किरन के पति कामता प्रसाद निषाद के मन में रंजिश थी। आरोप है कि 8 मई को किरन ने विजय को अपने घर बुलाया, जहां पहले से मौजूद कामता प्रसाद ने लकड़ी की चौखट से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी दंपती ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, शव के हाथ-पैर ग्राइंडर मशीन से काटे गए और उन्हें बोरे में भरकर कानपुर देहात के रेऊना थाना क्षेत्र के जंगल में ले जाया गया। वहां पेट्रोल छिड़ककर शव के टुकड़ों को जला दिया गया, ताकि कोई सबूत न बच सके।

इस हत्याकांड के खुलासे में आरोपियों के मोबाइल फोन की यूट्यूब सर्च हिस्ट्री महत्वपूर्ण साबित हुई। पुलिस जांच में पता चला कि दोनों आरोपियों ने इंटरनेट और यूट्यूब पर हत्या की सजा, फांसी के कानून, पुलिस कार्रवाई, सबूत मिटाने के तरीके और जेल संबंधी जानकारियां खोजी थीं। इससे पुलिस को हत्या की पूर्व नियोजित साजिश के प्रमाण मिले।

पूछताछ में महिला ने बताया कि विजय का उसके गांव में रिश्तेदारी के कारण आना-जाना था और इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए थे। महिला का आरोप है कि विजय ने कुछ समय पहले उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थीं। यह तस्वीरें गुजरात में नौकरी कर रहे उसके पति तक पहुंच गई थीं, जिसके बाद पति गांव लौट आया और दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया।

वहीं, मृतक विजय निषाद के परिजनों ने पुलिस जांच पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि हत्या में केवल दंपती ही नहीं, बल्कि अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। परिजनों का कहना है कि गांव के कुछ लोगों ने विजय के साथ कई व्यक्तियों द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी। उनका दावा है कि आरोपी महिला गर्भवती है और उसके पति के पैर में रॉड लगी हुई है, ऐसे में दोनों अकेले पूरी वारदात को अंजाम नहीं दे सकते।

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जांच में विजय निषाद और किरन देवी के बीच प्रेम संबंधों की पुष्टि हुई है। इसी रंजिश में पति कामता प्रसाद ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।