बादलों की घेराबंदी के बीच उमस से बेहाल भागलपुर, आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

भागलपुर में बारिश का इंतजार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
 
 मौसम विभाग का पूर्वानुमान, भागलपुर में आज होगी बारिश, वज्रपात की भी आशंका

 

भागलपुर। जिले में सोमवार को पूरे दिन आसमान पर बादलों का डेरा रहा, लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों को उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ा। कई बार मौसम बदलने और बारिश की संभावना बनी, लेकिन वर्षा नहीं होने के कारण वातावरण में नमी बढ़ती गई और दिनभर लोग पसीने व बेचैनी से परेशान रहे।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भागलपुर केंद्र ने मंगलवार को मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। विभाग के अनुसार शहर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक तथा कुछ स्थानों पर वज्रपात की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

मौसम विज्ञानी अनुपम नाहर ने बताया कि समुद्र तल पर मानसून द्रोणी मुजफ्फरपुर के निकट होकर गुजर रही है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम बिहार से मणिपुर तक करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक द्रोणिका सक्रिय है। वहीं उत्तर बंगाल की खाड़ी और दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर बना ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी भारत में लगातार नमी पहुंचा रहा है। इन सभी मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से भागलपुर और आसपास के इलाकों में वर्षा के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को आंशिक से घने बादल छाए रहेंगे तथा कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में वज्रपात और तेज हवा चलने की भी आशंका है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हवा में 86 प्रतिशत आर्द्रता रही तथा दक्षिण-पूर्व दिशा से महज एक किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। अत्यधिक नमी और धीमी हवा के कारण लोगों ने पूरे दिन उमसभरी गर्मी का असर महसूस किया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को संभावित वर्षा के बाद तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस से राहत मिलने की संभावना है।