बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की बड़ी जीत! बोले- 2 से 3 महीने में दिखेगा बदला, बीजेपी नेतृत्व पर भी दिया बड़ा बयान...

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनसुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने बड़ी जीत दर्ज की। जीत के बाद उन्होंने विकास को प्राथमिकता बताते हुए बीजेपी नेतृत्व और बिहार के मुख्यमंत्री पद को लेकर भी बड़ा बयान दिया।
 

पटना। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनसुराज पार्टी (JSP) के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शानदार जीत दर्ज करते हुए राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं।

जीत के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता बांकीपुर की जनता के भरोसे और आशीर्वाद का सम्मान करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले दो से तीन महीनों में क्षेत्र में बदलाव दिखाई देने लगेगा।

 

प्रशांत किशोर ने कहा कि वह जनता से बड़े-बड़े वादे नहीं करना चाहते। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके विधायक बनने से बांकीपुर रातोंरात बेंगलुरु जैसा शहर नहीं बन जाएगा, लेकिन विकास की दिशा में ठोस प्रयास शुरू होंगे और लोगों को जल्द सकारात्मक परिवर्तन महसूस होगा।

 

बीजेपी नेतृत्व को दिया संदेश

जीत के बाद प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ने बीजेपी को स्पष्ट संदेश दिया है कि बिहार को एक सक्षम और ईमानदार मुख्यमंत्री की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि यदि बीजेपी सम्राट चौधरी की जगह कुशवाहा समाज के किसी अन्य योग्य नेता को मुख्यमंत्री बनाना चाहती है तो यह पार्टी का आंतरिक निर्णय है।

हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि मुख्यमंत्री ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जो ईमानदार, सक्षम और बिहार के विकास के प्रति प्रतिबद्ध हो।

'सबसे जरूरी बिहार का विकास'

प्रशांत किशोर ने कहा कि लोकतंत्र में जीत और हार सामान्य प्रक्रिया है। कौन चुनाव जीतता है और किस पार्टी की सरकार बनती है, इससे अधिक महत्वपूर्ण बिहार का विकास है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने दी बधाई

उधर, बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बांकीपुर में विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे।

उन्होंने कहा कि पार्टी इस बात की समीक्षा करेगी कि अपेक्षा से कम वोट क्यों मिले। साथ ही उन्होंने विजयी प्रत्याशी प्रशांत किशोर को जीत की बधाई भी दी।