बिहार में संभावित बाढ़-सुखाड़ को लेकर सरकार अलर्ट, मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ को लेकर पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक भी बैठक से जुड़े रहे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ एवं सुखाड़ दोनों परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में रहें। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तटबंधों एवं सड़कों का निर्माण कार्य 31 मई से पूर्व हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा की हर स्थिति में प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराती है, इसलिए सभी संबंधित विभाग समय रहते आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। साथ ही प्रभारी मंत्री एवं प्रभारी सचिवों को अपने-अपने जिलों का दौरा कर संभावित समस्याओं का आकलन करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने भू-जल स्तर पर लगातार नजर रखने तथा लोगों के लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।