पटना में 60 वर्षीय महिला की जलकर मौत, बेटे पर हत्या का आरोप
पटना। खाजेकलां थाना क्षेत्र के दीवान मोहल्ले में शनिवार देर रात कमरे में आग लगने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रेखा देवी के रूप में हुई है। मामले में मृतका के बेटे पर ही मां को आग के हवाले कर हत्या करने का आरोप सामने आया है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रेखा देवी दीवान मोहल्ले में मकान मालिक बसंत लाल के घर में रहती थीं। शनिवार देर रात करीब 2:25 बजे उनके कमरे में अचानक आग लगने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर खाजेकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे में महिला का जला हुआ शव मिला।
पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में महिला के बेटे पर आग लगाकर हत्या करने का आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियों को लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पटना सिटी एएसपी राज किशोर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बेटे द्वारा मां की हत्या किए जाने का आरोप सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।