मधुबनी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 144 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 

​​​​​​मधुबनी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भैरवस्थान थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए NH-27 स्थित सरसोंपहि कट के पास से 144.85 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान एक स्विफ्ट कार को जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 8 मई 2026 की सुबह करीब सात बजे सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार से गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सरसोंपहि कट के पास घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू की।

जांच के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके से कार में सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने गांजा तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत कुमार, निवासी करहरी थाना भपटीयाही जिला सुपौल तथा मनीष कुमार, निवासी सदानंदपुर थाना भपटीयाही जिला सुपौल के रूप में हुई है।

बरामद सामान

  • 144.85 किलोग्राम गांजा

  • एक स्विफ्ट कार

  • ₹2200 नकद

  • दो मोबाइल फोन

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।