मधुबनी रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, जयनगर-उधना एक्सप्रेस की बोगी में लगी भीषण आग

 
 मधुबनी। मधुबनी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्लेटफार्म संख्या-3 पर खड़ी जयनगर-उधना एक्सप्रेस (22563) की एक जनरल बोगी में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बोगी धू-धू कर जलने लगी। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रेन खाली थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 3 बजे से 3:50 बजे के बीच हुई। स्टेशन परिसर में अचानक धुएं का गुबार और आग की ऊंची लपटें उठती देख रेलकर्मियों एवं स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और रेलवे अधिकारियों को दी गई।

आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की कई गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों और रेलवे कर्मचारियों ने घंटों मशक्कत के बाद सुबह करीब 5 बजे आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक जनरल कोच पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। अन्य बोगियों को सुरक्षित बचा लिया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यार्ड में जगह नहीं होने के कारण जयनगर-उधना एक्सप्रेस पिछले दो दिनों से स्टेशन पर ही खड़ी थी। ट्रेन में कोई यात्री सवार नहीं था, जिसके कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा अधिकारियों की टीम के साथ मधुबनी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को जांच में लगाया गया है। रेलवे प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।