Madhubani News: मधुबनी पुलिस का बड़ा एक्शन, 6 घंटे में लूटकांड का खुलासा
मधुबनी। मधुबनी पुलिस ने सक्रिय लूट गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर लूटकांड का सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने बंधक बनाए गए पिकअप चालक को सकुशल मुक्त कराने के साथ ही घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही लूटी गई पिकअप, 90 बोरा धान और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 10 मई 2026 की रात करीब 3:30 बजे फुलपरास थाना क्षेत्र में बदमाशों ने पिकअप चालक को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ फुलपरास के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
विशेष टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लगातार छापेमारी की। पुलिस की सक्रियता का नतीजा रहा कि घटना के मात्र छह घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया तथा चालक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर लूटी गई पिकअप, 90 बोरा धान और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
-
नीतीश कुमार, निवासी सिमरा, थाना फुलपरास
-
सुभाष कुमार यादव, निवासी सिजौलिया, थाना फुलपरास
-
रंजीत कुमार यादव, निवासी सिजौलिया, थाना फुलपरास
बरामद सामान
-
एक पिकअप वाहन
-
90 बोरा धान
-
एक मोबाइल फोन
पुलिस ने फुलपरास थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।