मधुबनी में जन सहयोग शिविर का आयोजन, एक ही स्थान पर मिलेंगी सभी सरकारी सेवाएं

 
7 जुलाई को मधुबनी की 26 पंचायतों और 15 वार्डों में लगेगा जन सहयोग शिविर, एक ही स्थान पर मिलेंगी सरकारी सेवाएं

मधुबनी। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन 7 जुलाई 2026 को जिलेभर में 'जन सहयोग शिविर' का आयोजन करेगा। जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर जिले के सभी 21 प्रखंडों की 26 पंचायतों तथा सात नगर निकायों के 15 वार्डों में एक साथ शिविर लगाए जाएंगे।

शिविर का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, श्रम, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, विद्युत, पेयजल एवं स्वच्छता सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक स्टॉल पर संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहेंगे, जो शिकायतों का निस्तारण करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी भी देंगे।

शिविर में राशन कार्ड, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, छात्रवृत्ति, श्रमिक पंजीकरण तथा स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। पात्र लाभार्थियों के आवेदन स्वीकार करने एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की भी व्यवस्था रहेगी।

नगर क्षेत्र में नगर निगम मधुबनी के वार्ड संख्या 7 से 11, नगर परिषद झंझारपुर के वार्ड 5, 6 एवं 7, नगर पंचायत बेनीपट्टी के वार्ड 3 और 4, नगर पंचायत फुलपरास के वार्ड 2, नगर पंचायत जयनगर के वार्ड 3 एवं 11 तथा नगर पंचायत घोघरडीहा के वार्ड 3 और 8 में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने शिविर की तैयारियों को लेकर संयुक्त निर्देश जारी किए हैं। दोनों वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न शिविर स्थलों का निरीक्षण करेंगे तथा आम नागरिकों की समस्याएं भी सुनेंगे।

शिविर की व्यापक सफलता सुनिश्चित करने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं तथा जीविका दीदियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

शिविर जिन पंचायतों में आयोजित होंगे उनमें मधवापुर के बासुकी बिहारी एवं बलवा, खुटौना का कारमेघ पश्चिम, खजौली का दतुआर, कलुआही का मलमल दक्षिण, बेनीपट्टी के मेघवन एवं समदा, राजनगर के सतघरा एवं भटसिमर पूर्वी, पंडौल के पंडौल मध्य एवं मकरमपुर, बिस्फी के सिंघिया पूर्वी एवं खैरी बांका उत्तरी, लखनौर पश्चिमी, घोघरडीहा का ब्रह्मपुर उत्तरी, बासोपट्टी की छतौनी, जयनगर की देवधा दक्षिणी, झंझारपुर का रैयाम पूर्वी, फुलपरास का महिन्दवार, बाबूबरही का सतघारा, लौकही का करिऔत, मधेपुर का सुंदर विराजित, रहिका का नाजिरपुर, लदनियां का कुमरखत पूर्वी, हरलाखी का विशौल तथा अंधराठाढ़ी की मैलाम पंचायत शामिल हैं।