कोलकाता में बदला मौसम का मिजाज, एक दिन में 3.2 डिग्री गिरा पारा, इस सप्ताह और बढ़ेगी ठंड

 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मौसम ने करवट ले ली है। तेज उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलते तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। महज 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 19 डिग्री पर पहुंच गया। इसके साथ ही शहर में गुलाबी ठंड का अहसास बढ़ने लगा है।

 

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले कुछ सप्ताह से चक्रवातों के प्रभाव के कारण बंगाल में ठंड का आगमन प्रभावित हो रहा था। विशेष रूप से चक्रवात 'आकवान' के असर से वातावरण में नमी बनी हुई थी। अब चक्रवाती प्रभाव समाप्त होने के बाद नमी में कमी आई है और उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली शुष्क एवं ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट शुरू कर दी है।

 

इस सप्ताह और गिरेगा तापमान

 

अलीपुर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, नवंबर के अंतिम सप्ताह तक कोलकाता में ठंड का असर और बढ़ सकता है। सप्ताह के अंत तक न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, पश्चिम बंगाल के पश्चिमी जिलों में पारा करीब 15 डिग्री तक गिर सकता है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक बारिश की संभावना से भी इनकार किया है।

 

कड़ाके की ठंड को लेकर संशय

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार बंगाल में ठंड ने सामान्य समय से देर से दस्तक दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बर्फबारी होने का अनुमान है, लेकिन मैदानी इलाकों में लंबे समय तक कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना कम जताई जा रही है। अल नीनो के प्रभाव और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण ठंडी हवाओं का मैदानी क्षेत्रों तक पहुंचना प्रभावित हो सकता है। फिलहाल तापमान में गिरावट के साथ कोलकाता के लोगों को सर्दी का एहसास होने लगा है।