वक्फ एक्ट के विरोध में सुलगा बंगाल: मुर्शिदाबाद में हिंसा, पुलिस पर हमला, इंटरनेट बंद
बंगाल। पश्चिम बंगाल का मुर्शिदाबाद जिला शुक्रवार को वक्फ एक्ट संशोधन के विरोध में हिंसा की आग में झुलस उठा। जुम्मे की नमाज के बाद बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग सड़कों पर उतरे और वक्फ कानून के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते उग्र हो गया।
मुर्शिदाबाद के सूती इलाके में प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस वैन पर हमला कर दिया, जो बारुईपुर से कैदियों को लेकर गुजर रही थी। पथराव में करीब 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए, वहीं कई प्रदर्शनकारियों को भी चोटें आईं। हिंसा इस कदर बढ़ी कि NH-12 को पूरी तरह जाम कर दिया गया और दो पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जंगीपुर और सूती थाना क्षेत्र में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 लागू कर दी है, जिसके तहत चार या अधिक लोगों के एक जगह एकत्र होने पर पाबंदी है। साथ ही इंटरनेट सेवाएं भी अस्थाई रूप से बंद कर दी गई हैं।
डायमंड हार्बर के अमतला चौरोस्ता में भी इसी तरह के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस वाहन पर हमला किया गया।
घटना के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजुमदार ने ममता सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर वोटबैंक की राजनीति और तुष्टिकरण का आरोप लगाया। उन्होंने ममता के इस्तीफे की मांग भी की।
पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।
रिपोर्ट- प्रशांत कुमार दुबे