Suvendu Adikari PA Death: शुभेंदु अधिकारी पीए हत्याकांड में बलिया कनेक्शन, बंगाल पुलिस ने राज सिंह को किया गिरफ्तार
Suvendu Adikari PA Death: शुभेंदु अधिकारी पीए हत्याकांड में बलिया कनेक्शन, बंगाल पुलिस ने राज सिंह को किया गिरफ्तार
बलिया/कोलकाता। पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोलकाता पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बलिया निवासी राज सिंह उर्फ चंदन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में बिहार और पूर्वांचल के शूटरों के शामिल होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार 6 मई की रात नॉर्थ 24 परगना के मध्यग्राम इलाके में नकाबपोश बदमाशों ने चंद्रनाथ रथ की एसयूवी को रोककर गोली मार दी थी। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए थे। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
UPI पेमेंट से खुला मर्डर मिस्ट्री का राज
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी भागते समय बाली टोल प्लाजा पर यूपीआई के जरिए टोल टैक्स का भुगतान कर बैठे। इसी छोटी सी तकनीकी गलती ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
टोल प्लाजा से जुड़े मोबाइल नंबर को ट्रैक कर पुलिस आरोपियों की लोकेशन तक पहुंची। वहीं हाई डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरों में कार और उसमें बैठे संदिग्धों की तस्वीरें भी कैद हो गईं, जिससे पहचान आसान हो गई।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे थे आरोपी
जांच एजेंसियों के मुताबिक शूटरों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए सिल्वर रंग की हैचबैक कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से एक कार की तस्वीर लेकर उसकी क्लोन नंबर प्लेट तैयार करवाई थी, ताकि वाहन की असली पहचान छिपाई जा सके।
हालांकि तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के सामने उनकी यह चाल ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी।
कौन है राज सिंह उर्फ चंदन?
गिरफ्तार आरोपी राज सिंह उर्फ चंदन उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के आनंद नगर मोहल्ले का निवासी बताया जा रहा है। वह खुद को समाजसेवी बताता है और क्षत्रिय महासभा का महासचिव भी रह चुका है।
सूत्रों के मुताबिक साल 2020 में एक अंडा व्यवसायी की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था और वह फिलहाल जमानत पर चल रहा था। सोशल मीडिया पर उसकी कई राजनीतिक हस्तियों के साथ तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं।
बताया जा रहा है कि वह बलिया के एक भाजपा नेता की बेटी की शादी में शामिल होने लखनऊ गया था। लौटते समय अयोध्या में पुलिस ने उसे दबोच लिया।
बिहार और पूर्वांचल के शूटरों का कनेक्शन
पुलिस ने इस मामले में बिहार के बक्सर निवासी मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को भी हिरासत में लिया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि हत्या को अंजाम देने के लिए पेशेवर शूटरों को लगाया गया था।
राज सिंह के बिहार और पूर्वांचल के अपराधियों से संबंधों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल तीनों आरोपियों को कोलकाता ले जाया गया है, जहां उनसे हत्या की साजिश, फंडिंग और मास्टरमाइंड को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।