मुर्शिदाबाद स्कूल बस हादसा! पीड़ित परिवारों से मिले शुभेंदु अधिकारी, घायलों का जाना हाल...

मुर्शिदाबाद के गोबिंदपुर रेलवे फाटक पर हुए दर्दनाक स्कूल बस हादसे के बाद शुभेंदु अधिकारी ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की, घायलों का हाल जाना और आर्थिक सहायता व हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
 

पीड़ित परिवारों से मिले शुभेंदु अधिकारी, घायलों का जाना हाल, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के गोबिंदपुर रेलवे फाटक पर 17 जुलाई को हुए दर्दनाक स्कूल बस हादसे के बाद पीड़ित परिवारों के बीच शोक का माहौल बना हुआ है।

 

इस हादसे में स्कूली बच्चों सहित पांच लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में जारी है।

 

इसी बीच पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया और कहा कि इस कठिन समय में वे उनके साथ खड़े हैं।

इसके बाद शुभेंदु अधिकारी मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि हादसे में प्रभावित सभी परिवारों को हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। साथ ही मृतकों के परिजनों और घायलों के परिवारों को आर्थिक सहयोग देने का भी आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि 17 जुलाई को गोबिंदपुर रेलवे फाटक पर कथित तौर पर गेटमैन की लापरवाही के कारण स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई थी। इस दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मामले की जांच जारी है और स्थानीय प्रशासन घटना के कारणों का पता लगाने में जुटा है।