सांसद राजू बिष्ट उँधौली पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में हुए शामिल

 

पश्चिम बंगाल। खस जनजाति संघ, जयगांव–कालचिनी ब्लॉक, अलीपुरद्वार जिला समिति द्वारा आयोजित उँधौली पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में सांसद राजू बिष्ट ने सहभागिता की। यह कार्यक्रम 25 जनवरी 2026 से हिमाली टोल, हेलिपैड ग्राउंड, जयगांव में शुरू हुआ, जो डुवर्स, तराई और पहाड़ी क्षेत्रों में बसे खस-गोरखा समुदाय की साझा पहचान और सांस्कृतिक एकता का सशक्त उदाहरण बना।


इस अवसर पर सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि उँधौली पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि इतिहास, जीवनशैली, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामूहिक चेतना से जुड़ी एक गहरी परंपरा है। ऐसे आयोजन गोरखा समुदाय की जड़ों को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के योगदान, संस्कार और मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखना ही अपने अस्तित्व को बचाए रखने के समान है।


उन्होंने आगे कहा कि गोरखा समुदाय की पहचान किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पहाड़, तराई और डुवर्स के हर कोने में जीवित है। इसलिए ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ और लोगों के उत्साह ने यह संदेश दिया कि समाज अपनी मौलिक पहचान के प्रति पहले से अधिक जागरूक और संगठित हो रहा है।


इस कार्यक्रम में भारतीय हॉकी टीम के कप्तान भरत छेत्री तथा कालचिनी के विधायक विशाल लामा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सांसद राजू बिष्ट ने खस जनजाति संघ दलसिंगपाड़ा, जयगांव के सभापति सुभाष छेत्री सहित समस्त आयोजक समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के लिए निरंतर सराहनीय प्रयास कर रहे हैं।

यह कार्यक्रम गोरखा समाज की सांस्कृतिक एकता, परंपरा और गौरव का प्रतीक बनकर उभरा।