सियालदह स्टेशन पर हिंदू जागरण मंच की रैली, 'जय श्रीराम' के नारों से गूंजा परिसर

 
 रिपोर्ट - प्रीति सिंह

कोलकाता। सियालदह रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार को हिंदू जागरण मंच के बैनर तले बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने 'जय श्रीराम' के नारे लगाए और हिंदू राष्ट्र की मांग उठाई। रैली में शामिल लोगों ने कहा कि यह प्रदर्शन देशहित तथा हिंदुओं पर हो रहे कथित हमलों के विरोध में आयोजित किया गया है।

प्रदर्शनकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू समाज पर होने वाले हमलों और घटनाओं के खिलाफ अब चुप नहीं बैठा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठन और राजनीतिक दल समाज में भ्रम फैलाने का कार्य कर रहे हैं। इस दौरान हिंदू जागरण मंच के वक्ताओं ने कम्युनिस्ट पार्टी और सीजेपी पर भी निशाना साधते हुए उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाए।

रैली में वक्ताओं ने जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उस आंदोलन में छात्रों का इस्तेमाल एक हथियार के रूप में किया गया। उन्होंने कहा कि युवाओं को भड़काने के बजाय राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित किया जाना चाहिए।

रैली के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भगवा ध्वज और तख्तियां लेकर पहुंचे। पूरे परिसर में धार्मिक और राष्ट्रवादी नारों की गूंज सुनाई दी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की पर्याप्त तैनाती रही। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।