मोहन बागान के पूर्व अध्यक्ष टूटू बोस का निधन, 79 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
रिपोर्ट- प्रीति सिंह
कोलकाता। भारतीय फुटबॉल जगत के लिए मंगलवार की रात बेहद दुखद रही। Mohun Bagan Super Giant के पूर्व अध्यक्ष स्वपन साधन बोस उर्फ ‘टूटू बाबू’ का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे।
टूटू बोस लंबे समय से बीमार चल रहे थे और कोलकाता के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी था। परिवार के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11:45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही फुटबॉल जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
भारतीय फुटबॉल प्रशासन में टूटू बोस को बेहद प्रभावशाली और सम्मानित चेहरों में गिना जाता था। मोहन बागान क्लब के विकास और भारतीय फुटबॉल को नई पहचान दिलाने में उनका अहम योगदान रहा। खेल और क्लब प्रबंधन में उनकी सक्रिय भूमिका को हमेशा याद किया जाएगा।
फुटबॉल प्रेमियों के बीच ‘टूटू बाबू’ के नाम से मशहूर बोस का जाना भारतीय खेल जगत के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।